अंबिका चौधरी, शिवगतउल्लाह सपा में शामिल

Share it:

    - भाव विह्वल हुए पूर्व मंत्री अंबिका फूट फूट कर रोए
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पूर्व में मंत्री रहे अंबिका चौधरी और गाजीपुर से पूर्व में विधायक रहे शिवगत उल्लाह अंसारी ने शनिवार को सपा कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष सपा की सदस्यता ग्रहण कर लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री भाव विह्वल हो गए और फूट-फूट कर रोए। उन्होंने सपा से पूर्व में दूर होने को एक भूल बताया और कहा कि आगे वह सपा को मजबूत करने में हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आभार भी जताया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अंबिका चौधरी और शिवगत उल्लाह के पार्टी में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी और आगामी 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। शनिवार को समाजवादी पार्टी में सदस्यता कार्यक्रम में एक भावनात्मक माहौल बन गया। सपा दफ्तर में बहुप्रतीक्षित सदस्यता कार्यक्रम तय था। ये सदस्यता पूर्व मंत्री और कभी कद्दावर सपाई रहे अंबिका चौधरी का था। अंबिका चौधरी को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल कराया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की भावनात्मक बातों से अंबिका चौधरी खुद को संभाल नही पाए और मंच पर अखिलेश यादव के सामने फूट फूट कर रो पड़े। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बहुत भावुक हो गए हैं अंबिका चौधरी, जो कहना चाह रहे थे वो भी नही कह पा रहे थे। कितने कष्ट से ये दूसरे दल में गए होंगे आज मुझे एहसास हुआ है। मेरी कोशिश रहेगी, नेताजी से जुड़े हुए सभी लोगों को एक साथ लाया जाए। न जाने क्यों बहुत मजबूत रिश्ते आसानी से टूट जाते हैं लेकिन अब फिर से सब सही हो रहा है। राजनीति में उतार चढाव आते हैं लेकिन सही समय पर जो साथ थे वही साथी है।