लखनऊ में पुलिस से मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर

Share it:

  • तीन सिपाही गोली लगने से घायल

  • मृतक के पास से एक पिस्टल, खोखा कारतूस व एक आईडी बरामद
  • लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर इलाके में रविवार की देर रात पुलिस से हुई मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर हो गया। जबकि अन्य बदमाश फरार हो गए। मुठभेड़ में तीन सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए। मृतक की शिनाख्त हमजा के रूप में हुई है। रविवार देर रात करीब दो बजे गोमती नगर थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देख भाग रहे बदमाशों ने फायरिंग शुरू की, जिसमें तीन सिपाहियों रामनिवास, मुकेश चौधरी और नरेंद्र बहादुर को गोली लगी है। प्रभारी निरीक्षक गोमती नगर केशव तिवारी के मुताबिक पुलिस बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही थी। रात करीब दो बजे डीसीपी पूर्वी की क्राइम सर्विलांस टीम के साथ गोमती नगर थाने की पुलिस रेलवे ट्रैक के आसपास सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाश वहां दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ मुठभेड़ शुरू हो गई। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास से एक आईडी भी बरामद हुई है, जिसमे हमजा नाम लिखा है। थाना प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक मृतक हमजा पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही है। पुलिस टीम पर फायरिंग की सूचना पर आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। सूचना मिलने पर गोमती नगर विस्तार, विभूति खंड, चिनहट सहित आसपास के कई थानों की पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई थी। वही डीसीपी पूर्वी संजय सुमन एसीपी गोमती नगर श्वेता श्रीवास्तव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची थी।