सीजन के सबसे गर्म दिन रहा रविवार, पारा पहुचा 45.6 डिग्री

Share it:

सोनभद्र। सोनांचल में दो दिनों से तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। रविवार को तापमान अब तक के अपने रिकार्ड को तोड़ते हुए 45.6 डिग्री तक पहुँच गया। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री दर्ज किया गया था। वही न्यूनतम तापमान भी 26.2 डिग्री पहुचने से देर शाम तक गर्म हवाएं चल रही हैं। इससे लोगों को सुबह से शाम तक तेज धूप और गर्म हवाओं से जूझना पड़ रहा है।
सोनांचल में तापमान में हुई बढ़ोत्तरी से मानो आसमान से आग बरस रही हो। वही गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं। स्थिति यह है कि लोगों का दिन में घर से निकलना मुश्किल हो गया है। दो दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में भी अप्रत्याशित वृद्धि हुई हैं। मौसम विभाग के राजन सिंह के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 45.2 व न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री दर्ज किया गया था। शनिवार की अपेक्षा रविवार को न्यूनतम तापमान में तो मामूली कमी दर्ज की गई लेकिन अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। रविवार की सुबह सात बजे से ही तेज धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। सुबह 10 बजे के बाद तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भी चलने लगी। दोपहर में मानो आसमान से आग बरस रही ही। तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग झुलस जा रहे थे। दोपहर में तेज धूप व गर्म हवाओं के कारण लोगों का आवागमन कम देखा गया। सड़के भी सुनी नजर आयी। वही राबर्ट्सगंज बढ़ौली चौक, धर्मशाला के पास फ्लाईओवर के नीचे छांव में लोगों को तेज धूप व गर्म हवाओं से बचने के लिए खड़े देखा गया। गर्म हवाओं व तेज धूप से बचने के लिए लोग अपने पूरे शरीर को ढके नजर आये। न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी के कारण देर शाम तक गर्म हवाएं चलती रही। लोगों को देर रात तक गर्मी से राहत मिलती नजर नही आई।