पति से विवाद के बाद आग लगाने वाली महिला सिपाही की मौत

Share it:

  • आग लगाने से पहले पति से दीपा ने मोबाइल पर की थी बात
  • पति भी है सिपाही, उसके खिलाफ दर्ज है मुकदमा, दूसरे जिले में है तैनात

  • सोनभद्र। पुलिस लाइन में तैनात महिला सिपाही दीपा यादव की सोमवार की रात उपचार के दौरान मौत हो गई। उसने पुलिस लाइन स्थित अपने आवास में पति से फोन पर हुए विवाद के बाद आग लगा लिया था। गंभीर हालत में देर रात उसकी मां ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया था। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि सोमवार की रात महिला सिपाही ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सिपाही दीपा यादव चुर्क पुलिस लाइन में ही तैनात थी और लाइन के ही आवास में अपनी मां के साथ रहती थी। उसका पति भी सिपाही है और वह उन्नाव में तैनात है। दोनों में कई वर्षों से विवाद चल रहा है। घटना की रात दोनों की मोबाइल पर बात हुई और किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद महिला ने घर में आग लगा लिया। इसके बाद उसकी मां ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को गंभीर देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया था। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि महिला सिपाही का उसके पति से विवाद चल रहा था। सिपाही दीपा यादव आग से करीब 50 प्रतिशत से ज्यादा झुलस गई थी। सोमवार की रात उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस मामले में आरोपित पति के खिलाफ राबर्ट्सगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज है।