विवाद के बाद विषाक्त खाकर दी जान, उकसाने के आरोप में महिला पर केस

Share it:

सोनभद्र। राबर्ट्सगंज नगर के कांशीराम आवास कालोनी में 50 वर्षीय गोविंद सिंह की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। उसने एक महिला के घर पर उससे विवाद के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। मंगलवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से महिला फरार है। कांशीराम आवास कालोनी निवासी गोविंद सिंह अपने परिवार को छोड़ आवास में ही एक दूसरी महिला के साथ रहता था। सोमवार को किसी बात को लेकर उसका महिला से विवाद हो गया। इसके बाद उसने एक सुसाइड नोट लिखकर महिला के घर में ही विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई। तब महिला के घर वालों ने मामले की जानकारी गोविंद के स्वजन को दिया। स्वजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां गंभीर हालत देख चिकित्सक ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय गोविंद की रास्ते में मौत हो गई। इसके बाद स्वजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे आैर मामले की जानकारी पुलिस को दी। कांशीराम आवास चौकी इंचार्ज बृजेश कुमार दूबे ने बताया कि मृतक के स्वजन की तहरीर पर आरोपित महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।