भाजपा नेता की पिटाई के आरोप में एसआई व सिपाहियों पर मुकदमा दर्ज

Share it:

    - पारिवारिक विवाद के मामले में पैरवी करने पहुंचे थे मंडल उपाध्यक्ष
    - भाजपा नेताओं ने थाने के बाहर दिया धरना, किया प्रदर्शन

चंदौली। जिले के सैयदराजा थाने पर एक पारिवारिक मामले की पैरवी में पहुंचे भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष टुन्नु मद्धेशिया की पुलिस कर्मियों द्वारा पिटाई के मामले में नया मोड़ आ गया है। भाजपा नेताओं के धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने आरोपी उप निरीक्षक जेपी यादव समेत पांच पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। एसपी ने दरोगा समेत आरोपी पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। गौरतलब है कि मंगलवार की रात भाजपा नेता की पिटाई का मामला इस कदर तूल पकड़ा कि भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कई क्षेत्रीय नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। नेताओं ने कार्रवाई की मांग को लेकर रात में ही थाने में धरना शुरू कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सैयदराजा थाना पर देर रात किसी पारिवारिक विवाद में पैरवी करने पहुंचे भाजपा मण्डल उपाध्यक्ष विशाल मद्धेशिया उर्फ टुन्नु मद्धेशिया की पुलिस कर्मियों ने पिटाई कर दी। टुन्नू का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें कमरे में बंद कर पिटाई की। सूचना पर थाने पर पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पाकर सीओ सदर अनिल राय वहां पहुंचे। उन्होंने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता तत्काल दोषी उपनिरीक्षक और पुलि कर्मियों को निलंबित करने की मांग कर अड़े रहे। घंटों चले इस धरना प्रदर्शन में काफी मान मनौव्वल और दोषी पुलि कर्मियों पर मामला दर्ज करने के बाद आक्रोशित भाजपाई माने। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि सैयदराजा के उप मंडल अध्यक्ष विशाल मद्धेशिया की पिटाई करने वाले उपनिरीक्षक जेपी यादव समेत पांच पुलि कर्मियों पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। जांच कर सख्त कार्रवाई भी होगी। किसी भी भाजपा नेता व कार्यकर्ता का उत्पीड़न कभी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।