प्रेम प्रपंच में काट दी युवक की जुबान

Share it:

  • आठ माह बाद दिल्ली से घर लौट रहा था युवक
  • पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच हुई शुरू

  • सोनभद्र: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में सलैयाडीह गांव निवासी अनिल यादव (27) की रविवार की रात कुछ लोगों ने जुबान काट दिया। उसे पहाड़ी पर तड़पता छोड़ गए। उधर से गुजर रहे लोगों ने युवक को खून से लथपथ देखा तो मामले की जानकारी उसके परिवार को दी। फिर परिवार वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पूरा मामला प्रेम प्रपंच से जुड़ा है।
    सलैयाडीह गांव निवासी अनिल कुमार यादव करीब आठ माह से दिल्ली में मजदूरी करता है। दो दिन पूर्व वह दिल्ली से अपने घर के लिए लौट रहा था। रविवार की शाम करीब आठ बजे वह विंढमगंज रेलवे फाटक के पास बस से उतरा। इस दौरान एक बाइक पर सवार दो लोग उसके पास पहुंचे और उसकी पिटाई कर उसे बाइक पर बैठा कर दूधमनिया पहाड़ी की ओर ले गए। अनिल के पिता कामेश्वर ने बताया कि पहाड़ी में ले जाकर उसके बेटे की पिटाई की गई और फिर उसकी जुबान काट दी गई। वह कुछ देर तक तड़पता रहा। उधर से गुजर रहे लोगों ने उसे तड़पता देखा तो मामले की जानकारी उसके परिवार वालों को दी। फिर परिवार वाले मौके पर पहुंचे और उसे लेकर विंढमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गए जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई है। घायल अनिल के पिता कामेश्वर यादव ने बताया कि पुत्र की जुबान क्यों काटी गई इसकी जानकारी उसे नहीं है। प्रभारी निरीक्षक विंढमगंज मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। प्रार्थना पत्र मिलने के बाद समुचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रात में पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।